नौगढ़। साइबर ठग ने खुद को विकास भवन चंदौली का अधिकारी बताकर प्रधानाध्यापक के खाते से 45 हजार रुपये उड़ा दिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राथमिक विद्यालय बरवाडीह के प्रधानाध्यापक अमिकेश ने साइबर थाने में तहरीर देकर बताया कि एसबीआई में उसका खाता है। 25 अप्रैल 2024 को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को विकास भवन चंदौली का अधिकारी बताते हुए कहा कि आपने निर्वाचन संबंधित फार्म डाउनलोड नहीं किया है। इसके बाद उसने एक साइट बताई और उसे खोलने को कहा। इसके बाद उसने ओटीपी पूछा और कुछ ही देर बाद उसके खाते से 45 हजार रुपये कट गए। उसने तत्काल इस बारे में बैंक अधिकारियों से बात की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।