पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर 16 माह से बंद हैं। कहने को तो ऑनलाइन पढ़ाई करायी जा रही है, लेकिन वह नाममात्र की ही है। ऐसी स्थिति में स्कूल खोलने की उठ रही आवाज के बीच शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से राय मांगी तो 45 फीसदी ने हां कहा है। किसी स्कूल में दस तो किसी में 15 फीसदी बच्चे ही ऑनलाइन क्लास कर रहे हैं। वहीं फीस देने के मामले में अभिभावक काफी पीछे हैं। इस वजह से स्कूल प्रबंधन को शिक्षकों का मानदेय देने में भी दिक्कत हो रही है। कुछ ने कई माह से मानदेय नहीं दिया तो कुछ ने केवल नाममात्र का दिया है। शिक्षा विभाग के अनुसार स्कूलों के तमाम संघों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर स्कूल खोलने की मांग किया था। उनके पत्र पर विचार करते हुए निदेशालय ने अभिभावकों की भी राय मांगी। बीते दिनों ली गई राय को जब कंपाइल किया गया तो चंदौली के करीब 28 स्कूलों के चार हजार अभिभावकों ने राय दी है। इसमें करीब 45 से 48 फीसदी ने यह कहा है कि कोविड नियमों का पालन करते हुए स्कूल खोले जा सकते हैं। जिन स्कूलों से जुड़े अभिभावकों ने अपनी राय दी है उनमें कई स्कूलों के 60 से 80 फीसदी अभिभावक स्कूल खोलने के पक्ष में हैं। 35 फीसदी अभी भी तैयार नहीं हैं। वहीं दस फीसदी से कुछ ज्यादा ने मिलाजुला जवाब दिया है।