नौगढ़। स्थानीय तहसील के ग्राम परसिया गांव में स्थापित पानी टंकी से पिछले दो वर्ष से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील गेट पर प्रदर्शन किया। बाद में संपूर्ण समाधान दिवस में समस्या सुनाई। समस्या को सुनकर एसडीएम विवेक कुमार सिंह ने कि जल निगम के जेई संतोष कुमार और खंड विकास अधिकारी को पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने और पानी आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। परासिया सहित आस पास के गांवों में शु्द्ध पानी आपूर्ति कराने के उद्देश्य से वर्ष 2011 में जल निगम की ओर से पानी टंकी की स्थापना की गई। विभाग की ओर से गांव में पाइप लाइन बिछाकर 95 घरों में कनेक्शन दिया गया। शुद्ध पेयजल आपूर्ति के बदले ग्रामीणों से 95 रुपये प्रतिमाह बिल वसूला जाता है। वर्ष 2016 में पानी टंकी ग्राम पंचायत को जल निगम ने स्थानांतरित कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया की ग्राम प्रधान मुन्ना लाल ने पंप चलाने के लिए बबूंदर को नियुक्त कर दिया। एक माह पानी आपूर्ति होने के बाद पानी आपूर्ति बंद हो गई। दो वर्ष बाद भी पानी आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई। पेयजल की आपूर्ति नहीं की गई और ग्राम पंचायत के द्वारा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपए की धनराशि बंदरबांट कर लिया गया है। गांव में लगे हैंडपंप खराब हो गए हैं और बदबूदार गंदा पानी दे रहा है। गांव की महिलाओं ने कहां की अगर पेयजल टंकी से आपूर्ति प्रारंभ नहीं हुआ तो हम लोग ग्राम प्रधान को उनके घर पहुंच कर बंधक बना लेंगे। प्रदर्शन करने वालों में चिंता, कुसुम, फूलमती, बिंदू, शांति, रामचंद्र, संजय, बटेश्वर, रामानंद, रामपति, राज कुमार पाल, पन्नालाल, अशोक कुमार रहे।