पीडीडीयू नगर। जिले में अधिकांश घरों में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं। ऐसा पिछले एक सप्ताह से जिले के इंडेन की गैस एजेंसियों पर सिलेंडर आपूर्ति ठप हो जाने के कारण हुआ है। दरअसल जिले में प्रयागराज के झूंसी और वाराणसी से इंडेन गैस सिलिंडर की आपूर्ति होती है। प्रयागराज में लगे कुंभ की वजह से सुरक्षा के मद्देनजर झूंसी रीफिलिंग सेंटर बंद कर दिया गया है। ऐसे में बड़े पैमाने पर वाराणसी से सिलिंडर कुंभ मेले क्षेत्र में भेजे जा रहे हैं। इससे जिले के लगभग 60 हजार इंडेन के उपभोक्ताओं के सामने रसोई गैस का संकट खड़ा हो गया है। जनपद के लगभग एक हजार सिलिंडर की प्रतिदिन जरूरत होती है। पिछले लगभग 10 दिनों से जनपद में एक भी सिलिंडर न आने से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। उपभोक्ता एजेंसियों की दौड़ लगा रहे हैं लेकिन उन्हें रसोई गैैस नहीं मिल रही है। जिन लोगों ने गैस की बुकिंग कराई है वे मजबूरी में व्यावसायिक सिलिंडर ले रहे है। हालांकि रविवार को कुछ एजेंसियों पर सिलिंडर आने से लोगों को राहत मिली है। रविवार को नगर में उन लोगों को सिलिंडर बांटे गए, जिन्होंने छह जनवरी को बुकिंग कराई थी। कम मात्रा में सिलिंडर आने से एक ट्रालीमैन को 10 की बजाए छह सिलेंडर ही दिए गए। उपभोक्ता चतुर्भुजपुर निवासी श्रीश्याम मिश्रा, अलीनगर निवासी मुकेश कुमार का कुमार कहना है कि सिलिंडर की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। एजेंसियों पर शिकायत करने पर वहां से भी हाथ खड़े कर दे रहे हैं। वहीं, कुढ़ेखुर्द निवासी बनारसी यादव, दुलहीपुर निवासी प्रदीप पटेल आदि ने बताया कि मिट्टी का तेल काफी महंगा होने से उनके घरों में स्टोव पर भी खाना नहीं बन पा रहा। महंगे दर पर कोयला व लकड़ी, उपले से किसी प्रकार खाना बनाना पड़ रहा है।