नगर के वार्ड नंबर सात सिविल लाइन पश्चिम स्थित 400 केवी ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने से तीन वार्डों के नागरिकों को बिजली की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वार्डों में पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है।
400 केवी के ट्रांसफॉर्मर में 17 जुलाई को 12 बजे रात अचानक खराबी आ गई। सुबह विद्युत विभाग द्वारा चेक करने पर ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त पाया गया। इसे बदलने के लिए विभाग के उपखंड अधिकारी संतोष कुमार और अवर अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा सक्रिय हो गए। 19 जुलाई को ट्रांसफॉर्मर बदला गया और कुछ देर तक नागरिकों को सप्लाई भी आरंभ की गई। लेकिन मेजर फॉल्ट होने के कारण ट्रांसफॉर्मर नहीं चल सका। ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने से वार्ड नंबर सात सिविल लाइन पश्चिमी वार्ड नंबर छह सिविल लाइन पूर्वी और वार्ड नंबर तीन शमशेर नगर के नागरिकों को परेशानी हो रही है। अवर अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफॉर्मर बदलवा दिया जाएगा।