मुगलसराय। राजेन्द्रनगर से जम्मूतवी जा रही अप अर्चना एक्सप्रेस के एसएलआर बोगी में तकनीकी खराबी आने की वजह से मंगलवार की शाम ट्रेन मुगलसराय स्टेशन पर सवा घंटे तक खड़ी रही। भीषण गर्मी में ट्रेन खड़ी रहने से नाराज यात्रियों ने हो हल्ला भी किया। बाद में तकनीकी खराबी दूर कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। अपने निर्धारित समय दिन में साढ़े दस बजे से छह घंटे की देरी से मुगलसराय के प्लेटफार्म संख्या तीन पर अर्चना एक्सप्रेस पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों ने एसएलआर बोगी में खराबी की सूचना अधिकारियों को दी गई। इस सूचना के आधार पर तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और गड़बड़ी दूर करने का प्रयास शुरू किया। करीब सवा घंटे के प्रयास के बाद गड़बड़ी को दूर किया जा सका। इसके बाद ट्रेन शाम पांच बज कर 35 मिनट पर आगे के लिए रवाना हुई। इसके पहले यात्रियों ने पहले से ही देरी से चल रही ट्रेन के रुकने से नाराज यात्रियों ने हो हल्ला किया। आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान वाणिज्य विभाग के लोग भी मौजूद रहे। इस संबंध में स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से ट्रेन रूकी थी। गड़बड़ी दूर कर ट्रेन आगे के लिए रवाना किया गया।