चंदौली। क्षेत्र के बर्थरा खुर्द गांव में रविवार को मंडल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता व क्रास कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने फीता काटकर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बर्थरा नहर पर क्रास कंट्री रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में खेल संसाधनों का काफी अभाव है। इस वजह से खेल में रुचि रखने वाले नौजवान सही मुकाम तक नहीं पहुंच पाते हैं। खेलों के प्रति युवाओं में रुचि बनाए रखने के लिए ग्रामीण अंचलों में खेल मैदान व प्रशिक्षकों की व्यवस्था होनी चाहिए। कहा कि कबड्डी प्राचीन खेलों में से एक है, जो गंवई इलाकों में काफी लोकप्रिय है। अब यह खेल राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पर लोकप्रिय हो चुका है। इस दौरान जनपद के अलावा मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, सोनभद्र की टीमों ने कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। उद्घाटन मैच मिर्जापुर के मठना व चन्दौली के पई टीम के बीच खेला गया, जिसमें मठना की टीम ने पई को शिकस्त दी। दूसरी ओर क्रास कंट्री रेस में लल्लू मौर्या प्रथम, नन्दलाल द्वितीय स्थान पर रहे। इस दौरान चाखन यादव, बाबूलाल यादव, रामविलास यादव, संतोष यादव, नाथे सोनकर, कन्हैया आदि उपस्थित रहे।