नगर के निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में घर पर हाइटेंशन तार गिरने से जली एसी ।संवाद
जिले में बुधवार की शाम आई आंधी के चलते बृहस्पतिवार को भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। नगर के बरपुर मोहल्ले में एलटी तार के टूटकर गिरने से गुल हुई बिजली 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हुई। वहीं, नगर के निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले में हाईटेंशन तार के टूटने से एक घर में आग लग गई थी। बुधवार को शाम करीब 5 बजे 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए। बारिश के कारण नगर सहित क्षेत्र के करीब 25 गांवों में आपूर्ति ठप हो गई थी। नगर के बरपुर मुहल्ला निवासी राजीव शुक्ला, दिलीप सिंह, प्रदीप, मनीष राय आदि ने बताया कि आंधी के बाद बिजली के तार जमीन पर गिर गए थे। बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे तक तार नहीं हटाए गए थे। मोहल्ले में बुधवार की शाम छह बजे से ही बिजली आपूर्ति बाधित है। बताया कि 24 घंटे से पांच हजार घरों में बिजली नहीं है। बिजली आपूर्ति न होने से विद्युत आधारित सभी उद्योग धंधे के साथ पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रही। इसी तरह से मधुबन तहसील के मधुबन बनगांवा नहर मार्ग पर बिजली का खंभा टूटकर गिर गया है। इससे दस गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले में बुधवार की देर शाम आंधी के बीच हाईटेंशन तार टूटकर एक घर पर गिर गया। इससे घर में बिजली उपकरण के साथ शादी का सामान जल गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने करीब एक घंटे के मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित विरेंद्र राव ने बताया कि बुधवार की शाम सात बजे आंधी के बाद बारिश हुई। इस दाैरान परिवार के लोग घर में थे। इस बीच घर के पास से गुजरा हाईटेंशन तार का एक हिस्सा अचानक टूटकर मकान पर गिरा। इससे फ्रिज, टीवी, पंखा, कूलर, एसी जल गए। वहीं 14 जून को उसकी बेटी अर्चना की शादी के लिए रखा सोफा, आलमारी, कपड़े आदि सामान जल गया। पीड़ित ने बताया कि इस घटना में करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। नीरज कुमार, एसडीओ नगर बिजली निगम ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में है, तार टूटने के बाद मरम्मत कार्य चल रहा है।देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।