चंदौली। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में 242 शिक्षकों के पद खाली हैं। इनमें 180 सहायक शिक्षक और 62 पद प्रवक्ता के हैं। हिंदी, गणित, विज्ञान, अंग्रेजी समेत कई विषयों के पद कई साल से खाली हैं। बीते एक साल से एक भी नई नियुक्ति नहीं हुई है। शिक्षकों की कमी की वजह से नया सत्र शुरू होने पर पठन-पाठन प्रभावित हो सकता है।जिले में 26 राजकीय और 34 अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के कुल 884 पद हैं। वित्त वर्ष 2023-24 के आंकड़ाें के मुताबिक राजकीय विद्यालयों में सहायक शिक्षकों के 224 और प्रवक्ता के 50 पद हैं। इस समय इन विद्यालयों में 36 प्रवक्ता और 154 सहायक शिक्षक ही तैनात है। वहीं, अशासकीय विद्यालयों में 203 पद प्रवक्ता के पद के सापेक्ष 155 शिक्षक ही तैनात हैं। 549 सहायक शिक्षकों के पद हैं लेकिन तैनाती सिर्फ 439 शिक्षकों की है। इस तरह राजकीय विद्यालयों में सहायक शिक्षकों के 70 और प्रवक्ता के 14 पद खाली हैं। वहीं, अशासकीय विद्यालयों में प्रवक्ता के 48 और सहायक शिक्षकों के पद 110 खाली हैं। इस तरह सहायक शिक्षकों के 180 और प्रवक्ता के 62 पद खाली हैं।