चंदौली। एक जून को होने वाले चुनाव में 23 जोनल और 139 सेक्टर मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। इनके अलावा पांच विधानसभा क्षेत्र के 981 बूथों पर बने 1868 मतदेय स्थलों की निगरानी के लिए 359 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात होंगे। मतदान के लिए सभी मतदेय स्थल पर 2241 ईवीएम और 2427 वीवीपैट लगाए जाएंगे जो 40 से अधिक उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे। वहीं 414 अतिरिक्त ईवीएम मशीनों की कलेक्ट्रेट में बने नए वेयर हाउस में रखा जाएगा। जिले में सातवें चरण के तहत लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव की सभी तैयारियों पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक चंदौली लोकसभा के मुगलसराय, सकलडीहा, सैयदराजा, शिवपुर और अजगरा विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 981 बूथों पर 1868 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 23 जोनल और 139 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा 359 माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है। मुगलसराय विधान सभा क्षेत्र के 407 मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए पांच जोनल, 30 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 121 माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के 357 मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए पांच जोनल, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 85 माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे। सैयदराजा विधान सभा क्षेत्र के 359 मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए छह जोनल, 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 56 माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे। वहीं, वाराणसी के शिवपुर विधान सभा क्षेत्र के 365 मदतदेय स्थलों की निगरानी के लिए चार जोनल, 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 62 माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे। अजगरा विधान सभा क्षेत्र के 380 मदतदेय स्थालों की निगरानी के लिए तीन जोनल, 36 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 35 माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे।