पीडीडीयू नगर। कोरोना महामारी की विषम परिस्थितियों में जिले के आम लोगों को बेहतर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए चंदौली के सांसद और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से वार्ता की। इस दौरान आश्वासन मिला कि कोविड एल थ्री सुविधा के तहत जिले में 22 वेंटिलेटर इंस्टाल किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने सीएम से कहा कि चंदौली में एल-एल और एल-दो स्तर की सुविधाएं नियंत्रण में हैं। एल-थ्री स्तर की वेंटिलेटर वाले बेड की सुविधाओं को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है। चंदौली में 22 नए ऐसे वेंटिलेटर्स हैं। इन्हें अभी तक इंस्टाल नहीं किया जा सका है। इन नए वेंटिलेटर्स को चंदौली में ही इन्स्टॉल करा कर उनके संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। इससे गंभीर रूप से कोरोना संक्रमितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। एल-थ्री स्तर की चिकित्सा सुविधाओं के विषय में डॉ. पांडेय ने पहले भी जिले के सीएमओ, जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य उच्च अधिकारियों से बात की है। इस विषय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त किया है कि चंदौली में ही उन 22 नए वेंटिलेटर्स को इन्स्टॉल करने का कार्य पूरा होगा। इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।