चंदौली। मानस एवं अध्यात्म प्रचार समिति चंदौली की ओर से आयोजित श्रीराम कथा में गुरुवार की रात भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी । श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर प्रांगण में कथावाचकों ने श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों पर प्रकाश डाला और भक्तों को आशीर्वचन दिया। इस दौरान साध्वी अन्नपूर्णा ने पुष्प वाटिका और अशोक वाटिका की तुलना कर बताया कि एक योगी की वाटिका है और दूसरी भोगी की वाटिका है। योगी की वाटिका में बिना पूछे फूल और पत्ती श्रीराम नहीं लेते हैं, वहीं हनुमान, रावण की वाटिका में बिना पूछे घुस जाते हैं और फलों को तोड़ खाते हैं। शिव नारायण शास्त्री ने कहा कि बिना गुरु कृपा के व्यक्ति भवसागर को पार नहीं कर सकता। इस दौरान प्रशांत पांडेय, श्याम किशोर मिश्रा, श्याम बलि पाठक, रामचंद्र मिश्र ने विभिन्न प्रसंगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर हरिद्वार सिंह, जयशंकर द्विवेदी, पंकज तिवारी, नीरज तिवारी, भानू प्रताप शर्मा, मृत्युंजय तिवारी, अशोक अग्रहरि, रामकेश, आशू गुप्ता आदि उपस्थित रहे।