क्षेत्र के जसौली गांव के लोगों ने शुक्रवार को गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पर जमकर बवाल काटा। लोगों ने विद्यालय में पठन -पाठन ठप कराने के अलावा शिक्षकों को विद्यालय से बाहर निकाल दिया। आरोप था कि विद्यालय आने-जाने का रास्ता नहीं है और मैदान में पानी भरे होने के कारण बच्चों के साथ दुर्घटना घटने की संभावना बनी रहती है। सूचना पर पहुंचे जिला समन्वयक संतोष सिंह ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया और उनकी समस्याओं को बेसिक शिक्षा अधिकारी के सामने रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य सुचारू रुप से शुरू हो पाया। नरसिंहपुर ग्राम सभा के जसौली गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में आने जाने का रास्ता नहीं होने से बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं विद्यालय के खेल मैदान में पानी भरे होने और घास जमने से लोगों को विषैले जीव जंतुओं के रहने का भी खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए कई बार उचाधिकारियों को पत्र देने के साथ ही गुहार भी लगाई गई। लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाराज सैकड़ों ग्रामीणों और महिलाओं ने विद्यालय पहुंच शिक्षकों को विद्यालय से बाहर निकाल दिया और पठन पाठन ठप करा दिया। सूचना पर पहुंचे जिला समन्वयक संतोष सिंह ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया और उनकी बातों को उच्चाधिकारियों के सामने रखने का आश्वसन दिया। इस दौरान गुड्डू यादव, नगीना देवी, राधिका, गीता, पुष्पा, बिन्दु देवी, मुन्नाराम, आकाश मौजूद रहे।