चंदौली। माध्यमिक शिक्षा की ओर से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। परीक्षा में डयूटी करने वाले सभी कर्मचारियों का परिचय पत्र होना अनिवार्य है। जिनके पास परिचय-पत्र नहीं होगा, वह परीक्षा केंद्रों परिसर में प्रवेश नहीं सकेगा। जांच के दौरान अगर कोई भी बिना परिचय पत्र के मिला तो इसके लिए केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। साथ ही अलग-अलग स्तर पर परिचय-पत्र भी तैयार किए जा रहे हैं। जनपद में हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा सात फरवरी से शुरू होगी। इसकी तैयारी युद्घस्तर पर प्रशासन व शिक्षा विभाग की ओर से की जा रही है। परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी न होने पाए इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर सख्त कदम उठाया गया है। इसके तहत कक्ष निरीक्षकों के परिचय-पत्र के साथ अब जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को प्रशासन स्तर से परिचय-पत्र प्राप्त होंगे। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग केंद्र व्यवस्थापकों के साथ-साथ अपने शिक्षकों व कर्मचारियों को कार्ड भी जारी करेगा। विभाग ने इसके लिए जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त व वित्तविहीन स्कूल-कालेजों के प्रधानाचार्यों से पहले ही शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों की जानकारी ले लिया है।