चंदौली। प्रधान संघ के अध्यक्ष और इमिलिया के प्रधान प्रभाष सिंह अनुज पर विकास कार्यों में वित्तीय अनियमिता की की जांच कर रही तीन सदस्यीय टीम ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। जांच के दौरान टीम ने प्रधान पर लगे आरोपों को सही पाया है। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर डीएम नवनीत सिंह चहल ने प्रधान संघ के अध्यक्ष को नोटिस भेजकर 15 के अंदर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रधान की ओर से तय समय पर पक्ष नहीं रखने पर रिकवरी के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया है। रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति के सचिव मृत्युंजय सिंह दीपू ने डीएम को पत्रक देकर आरोप लगाया था कि उनके गांव इमिलिया के प्रधान और प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष प्रभाष सिंह अनुज द्वारा गांव में विकास कार्यों के दौरान पड़े पैमाने पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। साथ ही उन्होंने आवास, शौचालय और सोलर लाइट लगवाने में भी धांधली की है। दीपू के प्रार्थना पत्र को संज्ञान लेते हुए डीएम ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था। इसमें जांच अधिकारी के रुप में जिला विकास अधिकारी पद्मकांत शुक्ल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एसपी पांडेय और निर्माण खंड के सहायक अभियंता आरपी सिंह ने अपनी रिपोर्ट में प्रधान पर लगाए गए सभी आरोपों की जांच की। अधिकारियों ने डीएम को सौंपे रिपोर्ट में इमिलिया के प्रधान द्वारा एक लाख चार हजार पांच सौ 67 रुपये की वित्तीय अनियमिता करने की पुष्टि की है। डीएम ने इमिलिया के प्रधान प्रभाष सिंह अनुज को नोटिस जारी करके 15 दिन के अंदर अपना पक्ष रखने की मोहलत दी है। साथ ही उन्होंने पक्ष नहीं रखने पर रिकवरी करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया है।