पड़ाव। क्षेत्र के आसपास गांवों में पिछले चार दिनों से पानी की आपूूर्ति नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को सुजाबाद स्थित पानी टंकी के समक्ष खड़ा होकर नारेबाजी की। चेताया कि जल्द पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। बाद में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के समझाने पर मामला शांत हुआ। क्षेत्र के आसपास गांव जैसे सुजाबाद, बहादुरपुर,मढिया,जलीलपुर, चौरहट आदि गांव में पिछले चार दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। आपरेटर श्यामलाल मौर्य का कहना है कि रोजाना की तरह दोनों पंप चलाए जा रहे हैं लेकिन पाइप लाइन खराब होने के चलते पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसकी मरम्मत कराई जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में मंगल चौरसिया, राकेश श्रीवास्तव, अनवर खान,बनारसी, मुन्ना अग्रवाल, आजाद कुरैशी, दीपक अग्रहरि, आदि लोग मौजूद थे।