जिला पंचायत कार्यालय ज्ञानपुर। संवाद
ज्ञानपुर। बारिश का सीजन खत्म होने की कगार पर है। इसके मद्देनजर जिला पंचायत जर्जर एवं खराब ग्रामीण सड़कों और सीसी रोड को दुरुस्त करने में जुट गया है। करीब 7 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 20 सड़कें और 12 सीसी रोड के साथ 15 पाइपयुक्त नालियां बनाई जाएंगी। इसकी निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुछ स्थानों पर काम भी शुरू हो गया है। कुछ स्थानों पर नवरात्र खत्म होते पर काम शुरू होगा। जिले की 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में करीब ढाई हजार किमी सड़कों का जाल है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत के साथ नगर पंचायत, मंडी समिति मार्गाें की निगरानी करती है। 70 से 80 फीसदी सड़कें लोक निर्माण की होती हैं। जिला पंचायत की तरफ से लिंक मार्ग से गांव को जोड़ने वाली सड़कें बनाई जाती हैं। कार्यदायी संस्थाओं की ओर से हर साल करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कें बनाई जाती हैं लेकिन जलभराव, मानक में कमी के कारण कई सड़कें समय से पहले ही टूट जाती हैं। सड़कों मरम्मत कराई जाती है। वर्ष 2025 में जिला पंचायत की तरफ से सर्वे कराया गया। इसमें जिला पंचायत की सड़कें जर्जर मिलीं, जबकि कुछ ग्रामीण बाजारों में सीसी मार्ग बनाने की जरूरत पाई गई। सड़क, सीसी मार्ग और पाइप वाली नालियों के निर्माण पर सात करोड़ 16 लाख की कार्ययोजना बनाकर टेंडर जारी किया गया। चयनित सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू होगी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अनिल कुमार त्यागी ने बताया कि सड़क, नाली और सीसी मार्ग के लिए सर्वे कराया गया था। सर्वे में सड़कें चिह्नित की गई हैं। निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। भदोही के अस्ती गांव में अस्ती-उमरी मार्ग पर बनकट पाही तक सीसी मार्ग, अजयपुर में सुनील सिंह के घर से शंकर जी मंदिर तक लेपन कार्य, बीसापुर में बभनौटी ममहर मार्ग पर धर्मेंद्र पटेल के घर से महेंद्र पटेल के घर तक सीसी मार्ग, दुरांसी में गिरजा तिवारी के घर से गोपालपुर तक सीसी मार्ग, शुकुलपुर-भिखारीपुर पक्की सड़क से बहरैची मिश्रा बस्ती तक सीसी मार्ग, कोछिया ताल सुपैला पक्की सड़क से प्राथमिक विद्यालय चकपड़री तक सीसी मार्ग, महुआपुर-विष्णुपुर पक्की सड़क से ठाकुर बस्ती तक सीसी मार्ग, मोढ़-सरपतहां मार्ग से कपूरीपट्टी विश्वकर्मा बस्ती और बिंद बस्ती की तरफ सीसी मार्ग का निर्माण शामिल है।