पीडीडीयू नगर। जिले में करीब बीस दिनों से रसोई गैस का संकट बरकरार है। सिलिंडरों की आपूर्ति ठप होने से गैस के लिए हाहाकार मचा हुआ है। इंडेन, बीपी और एचपी गैस एजेंसी के संचालकों की मानें तो प्रयागराज में कुंभ मेले में गैस सिलिंडर भेजे जाने के कारण और झूंसी व नैनी में गैस की रीफिलिंग बंद किए जाने से समस्या उत्पन्न हुई है। दरअसल जिले में प्रयागराज के झूंसी, नैनी और वाराणसी से गैस सिलिंडरों की आपूर्ति होती है। इस बार वहां कुंभ मेले में सुरक्षा की दृष्टि से झूंसी और नैनी की रीफिलिंग बंद कर दी गई है। साथ ही वाराणसी से सिलिंडरों की आपूर्ति कुंभ में की जा रही है। ऐसे में जिले में आपूर्ति न के बराबर हो रही है। इससे जिले के लगभग दो लाख उपभोक्ताओं के सामने रसोई गैस का संकट खड़ा हो गया हैं। जिले में उपभोक्ताओं के लिए रोजाना लगभग दो हजार सिलिंडर की प्रतिदिन आवश्यकता होती है। ऐसे में लगभग 20 दिनों से जनपद में एक भी सिलिंडर न आने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उपभोक्ता एजेंसियों पर सिलिंडर के लिए पहुंच रहे हैँ लेकिन उन्हें रसोई गैैस नहीं मिल रही है। सिलिंडर को लेकर आए दिन एजेंसी संचालकों व उपभोक्ताओं में तू-तू मैं-मैं हो रही है। उपभोक्ता एजेंसी संचालकों पर सिलिंडरों की कालाबाजारी का आरोप लगा रहे हैं। 20 दिनों में मात्र रविवार को कुछ एजेंसियों पर सिलिंडर आने से लोगों को राहत मिली थी। कम मात्रा में सिलिंडर आने के कारण ट्रालीमैनों को भी परेशानी हो रही है। एलपीजी डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित सिंह का कहना है कि कुंभ के कारण नैनी और झूंसी से सिलिंडर नहीं आ रहे हैं। दूसरे रूट डायवर्जन और बड़े वाहनों के लिए रास्ता बंद होने से परेशानी हुई है। एजेंसी पर उपभोक्ता रोजाना परेशान हो रहे हैं। ट्रांसपोटेशन शुरू हो गया तो आपूर्ति हालात सामान्य होने में कम से कम दो सप्ताह का समय लगेगा।