चंदौली। ऋण मोचन योजना के लिए आवेदन जमा करने के लिए अंतिम दिन सोमवार को विकास भवन में किसानों की भीड़ जुटी। किसानों की भीड़ को देखते हुए कृषि उपनिदेशक विजय सिंह के पहल पर आवेदन जमा करने के लिए चार काउंटर बनाए। इससे आवेदकों को सहूलियत हुई। अंतिम दिन 2600 से अधिक किसानों ने आवेदन किया। किसानों को बैंकों के कर्जमाफी से राहत देने के लिए ऋण मोचन योजना को दोबारा शुरू किया गया है। इस योजना के लिए जनपद के दस हजार से अधिक किसान प्रथम चक्र में छूट गए थे। कृषि विभाग द्वारा 10 जनवरी से किसानों से जरुरी दस्तावेज के साथ आवेदन लिए जा रहे है। जिसकी अंतिम समय सीमा 21 जनवरी ही निर्धारित थी। सोमवार को अंतिम दिन आवेदन करने के लिए हजारों किसान विकास भवन पहुंचे। भीड़ को देखते हुए कृषि उपनिदेशक विजय सिंह ने आवेदन लेने के लिए चार काउंटर बनाने के निर्देश दिए थे। विभाग की ओर प्रत्येक काउंटर पर दो-दो कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी। कर्मचारियों ने किसानों के आवेदन पत्रों की बकायदे जांच किया और कमियों को दूर कराकर जमां किए गए। अधिकारी-कर्मचारी देर शाम तक आवेदन पत्रों का मिलान करने में जुटे रहे। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बताया कि किसानों द्वारा जमां किए गए आवेदन पत्रों का मिलान कराया जा रहा है। करीब पांच हजार से अधिक किसानों ने आवेदन किया है। आवेदन पत्रों की जांच करने के बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।