पीडीडीयू नगर। जिले में रविवार को भी नए संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या अधिक रही। 190 कोरोना संक्रमित मिले जबकि 516 संक्रमित स्वस्थ हुए। हालांकि मृतकों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। आज सात संक्रमितों ने जीवन से हार मान ली और दम तोड़ दिया। इसकी पुष्टि डीएम संजीव सिंह ने की है। जिले में कोरोना संक्रमण धीरे धीरे ही सही लेकिन कम हो रहा है। प्रतिदिन संक्रमितों से ठीक होने वालों की संख्या अधिक हो रही है। दूसरी तरफ मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो रही है। औसतन प्रतिदिन पांच से सात लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो रही है। रविवार को मिली कोरोना रिपोर्ट में चार बालक, तीन बालिका, 55 महिला और 128 पुरूष सहित 190 नए संक्रमित मिले हैं। ये सभी लोकल ट्रैवलिंग या अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में सबसे अधिक चकिया के हैं। चकिया ग्रामीण क्षेत्र के 49 और नगरीय क्षेत्र के चार संक्रमित मिले हैं। इसी तरह चंदौली ग्रामीण क्षेत्र में 36 और नगर में 11, बरहनी में चार, चहनियां में तीस, धानापुर और नौगढ़ में सात-सात, नियामताबाद में पांच संक्रमित मिले। इसी तरह शहागंज में 15, सकलडीहा में आठ जबकि पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में 14 संक्रमित मिले हैं। इनके संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जिले में कोरोना की जांच के लिए आज कुल 758 नमूने संग्रहित किए गए। दूसरी तरफ जिले में आज 516 संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ हुए है। वहीं सात लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 231 हो गई। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 14889 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 2155 है जबकि 12503 संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं।