सैयदराजा। कस्बे में शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे मवेशी लदा ट्रक चालक पुलिस से बचने के लिए नेशनल हाईवे दो छोड़कर पुरानी जीटी रोड पर सैयदराजा बाजार के रास्ते अंधाधुंध भागने लगा। तेज रफ्तार ट्रक के बाजार से गुजरने से अफरातफरा मच गई। अपनी जान बचाने के लिए राहगीर इधर-अधर भागने लगे। इसमें एक व्यक्ति को हल्की चोट भी आई है। गनीमत रही कि सुबह का समय था और बाजार में ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना इलिया के माल्दह जैसी घटना हो सकती थी। आगे जाकर चालक और खलासी ट्रक छोड़कर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पशु समेत ट्रक को कब्जे में ले लिया है। जेठमलपुर मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 2 पर पुलिस अपनी गाड़ी के साथ खड़ी थी। चंदौली से बिहार की तरफ जा रहे पशु लदे ट्रक के चालक ने पुलिस को देखकर तुरंत अपनी गाड़ी को डिवाइडर पर चढ़ाकर चंदौली की तरफ मोड़ कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने चंदौली थाने से संपर्क साधा और घटना की जानकारी दी। लीलापुर के पास पहुंचते ही चालक ने ट्रक को फिर बिहार की तरफ मोड़ दिया। ज्यों ही जेठमलपुर गांव के पास सिंगल रोड पर ट्रक पहुंचा तो सामने से यूपी-100 की गाड़ी आती दिखाई दी। इस बीच एक ट्रक को ओवरटेक कर चालक ने फिर गाड़ी दौड़ा दी और जेठमलपुर मोड़ से सैयदराजा बाजार की तरफ घुस गया। तेज रफ्तार ट्रक को बाजार में आते देखकर राहगीर और आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। इसमें वार्ड नंबर तीन में रहने वाले एक व्यक्ति के हाथ में ट्रक के साइड से झटका लग गया, जिससे उसको हल्की चोटें भी आईं। इस बीच पुलिस उसके पीछे जाने के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए बगही गांव के समीप घेरने के लिए चल दी। जीटी रोड स्थित मुख्य त्रिमुहानी पर ट्रक को छोड़कर चालकर और उस पर सवार दो अन्य लोग भाग खड़े हुए। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक को थाने ले गई, जिसमें 15 मवेशी लदे हुए थे। मवेशियों को चंदौली गौशाला भेज दिया गया। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि मवेशियों को लेकर तस्कर पश्चिम बंगाल जा रहे थे। मामले में दो अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।