चंदौली। लेफ्ट कर्मनाशा नहर से निकली तेंदुई माइनर का तटबंध शुक्रवार की देर रात टूटने से पखनपुरा गांव के किसानों की तकरीबन 50 एकड़ गेहूं की फसल डूब गई है। पानी से फसल बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। अपनी फसल बर्बाद होते देख किसान परेशान है। किसानों ने सिंचाई विभाग से जल्द से जल्द तटबंध ठीक कराने की मांग की है। सदर विकास खंड के रज्जूपुर ग्राम के पास कर्मनाशा नहर से निकली तेंदुई माइनर की साफ-सफाई व मरम्मत न होने से उसका तटबंध शुक्रवार की देर रात अचानक टूट गया। इससे शिवाजी सिंह का पांच एकड़, ज्ञानेश का तीन एकड़, अरूण का दो एकड़, निहोर का तीन एकड़, सावित्री देवी का चार एकड़, यशवंत का चार एकड़ सहित अन्य किसानों के कई एकड़ खेतों में बोई गई गेहूं की बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। किसान शिवाजी सिंह ने कहा कि माइनर की साफ-सफाई को लेकर कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ ही उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। वहीं समाधान दिवस में भी लिखित प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। सिंचाई विभाग के एक्सईएन जेपी वर्मा का कहना है कि रविवार तक तटबंध को ठीक करा दिया जाएगा।