नौगढ़। आरक्षित वन क्षेत्र में घूम रहे चीतल को जंगली कुत्तों ने रविवार की सुबह घेर लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्तों के भय से चीतल किसी तरह भागकर मंगलेश्वर गांव के बस्ती में पहुंच गया। काशी वन विभाग रामनगर वाराणसी के अंतर्गत जय मोहनी रेंज के मलेश्वर गांव में घायल अवस्था में मिलने के बाद ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। वनकर्मियों ने उसका इलाज राजकीय पशु चिकित्सालय नौगढ़ में कराया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज सिंह ने बताया की चीतल को पीठ के पीछे और मुंह में ज्यादा चोट लगी है। घायल चीतल के इलाज के लिए सहायक वन संरक्षक कुंज मोहन वर्मा के निर्देश पर वनरक्षक मनीष गुप्ता, आदित्य, ओम प्रकाश शुक्ला, सुनील विश्वकर्मा ने इलाज कराने के बाद चंद्रप्रभा वन्य जीव विहार में छोड़ दिया।