कंदवा। चंदौली को विकसित जिला बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। भाजपा नेता गरीबों, मजलूमों और पिछड़ों की आवाज पहचानने की कोशिश करें, क्योंकि उनकी आवाज ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज है। गुरुवार को मथुरापुर गांव में आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मेलन और सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने ये बातें कहीं। सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सीबीआई जांच से ममता बनर्जी और पूरा विपक्ष बौखला गया है। सारे भ्रष्टाचारी मिलकर मोदी को हटाना चाह रहे हैं। उनको डर है कि चौकीदार को नहीं हटाया तो जेल जाना होगा। उन्होंने कहा कि पिछड़े समाज के लोगों को भाजपा सरकार ने हक देने का काम किया है। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक अधिकार देने के अलावा गरीबों को मुख्य धारा में लाने के लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है। गांवों में सड़क, पानी, बिजली जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के लिए सदैव खड़ी रहती है। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने महुंजी से मथुरापुर तक एक करोड़ 27 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर अनिल सिंह, राजेश सिंह, हरीश सिंह, श्रवण सिंह, अनूप सिंह, गिरीश विक्रम सिंह, सुनील सिंह, महेश्वर सिंह, श्रीराम चौबे, हेमंत उपाध्याय, भगवती तिवारी, गणेश अग्रहरी, अशोक वर्मा, काजू सिंह, पिंटू बिंद मौजूद रहे। संचालन संतोष बिंद ने किया।