चंदौली। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में हुई। इसमें राजभाषा विभाग गृह मंत्रालय के उपनिदेशक अजय मलिक ने बैंकों और सरकारी कार्यालयों द्वारा समिति की वेबसाइट पर पंजीकरण न करानेे पर जमकर क्लास ली। साथ ही 10 दिनों में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की हिदायत दी। इसके अलावा उन्होंने चंद्रप्रभा पुस्तक का भी विमोचन किया। बैठक में उन्होंने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन समिति में बैंक, एलआइसी, विपणन शाखा, बीएसएनएल समेत विभाग हैं। कार्यालयों में राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने के लिए बैंकों और किसी सरकारी कार्यालय ने न तो वेबसाइट पर पंजीकरण कराया और न ही नियमित रिपोर्ट भेजी जाती है। यह घोर लापरवाही है। उन्होंने दस दिनों में पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। अंत में उन्होंने समिति द्वारा प्रकाशित पत्रिका चंद्रप्रभा के प्रवेशांक का विमोचन भी किया। इस दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक जयकुमार, सीआरपीएफ कमांडेंट राजीव चौधरी, एके सिंह, सुधीर धुसिया, मयंक मालवीय आदि मौजूद थे।