चंदौली। सीएमओ डॉ. पीके मिश्रा के निर्देश पर चिकित्साधिकारियों की टीम ने बुधवार को जनपद के आधा दर्जन अस्पतालों का दौरा किया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगवारे पर तैनात डॉ. नसीम एक पखवारे से अनुपस्थित मिले। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पराहूपुर में डॉ. मनीष चौधरी समेत दो कर्मचारी व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नियामताबाद में भी दो स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। सर्वप्रथम चिकित्साधिकारियों की टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भोगवारे पहुंचे, जहां डॉ. नसीम एक जनवरी से ही गायब मिले। इसके अलावा वहां ओटी व लेबर रूम के सामने व्यापक गंदगी मिली। चिकित्साधिकारियों ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने का निर्देश दिया। वहीं सीएमओ डॉ. पीके मिश्र ने राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के सभी स्टॉफ उपस्थित मिले। वहीं कुछ दवाएं उपलब्ध नहीं थी, जिसे उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रसव के बाद बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र आनलाइन करते हुए तत्काल जारी करने का निर्देश दिया। इसके बाद मद्धूपुर उपकेन्द्र के निरीक्षण में अस्पताल में दवाओं की कमी को दूर करने का निर्देश चिकित्सकाधिकारियों ने दिया। उधर, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पराहूपुर पर डॉ. मनीष चौधरी, मनीेष सेठ व विजेंद्र दुबे, नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एमसीटीएस आपरेटर विरेंद्र चैहान व मुस्ताक अहमद गैरहाजिर रहे। सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार के लिए आगे भी अस्पतालों का निरीक्षण कराया जाएगा।