कमालपुर । चन्दौली डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन मुगलसराय द्वारा चंदौली में आयोजित जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में एसडी कान्वेंट स्कूल कम्हारी के बच्चों ने प्रतिभाग कर अपनी दक्षता का बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता समाप्ति के पश्चात बुधवार को विद्यालय पहुंचने पर सफल छात्रों का प्रबंधक जयप्रकाश उपाध्याय और प्रधानाध्यापक अखंडानंद तिवारी ने सम्मान किया। सब जूनियर वर्ग में दूसरे स्थान पर उज्ज्वल सिंह, छठें स्थान पर आशीष राय, आठवें स्थान पर अनुज बिंद, नौवें स्थान पर यथार्थानंद, अंकुर, अनंत और आकाश तथा जूनियर वर्ग में रीतिक रोशन ने चौथा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रबंधक ने कहा कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए खेल का आयोजन प्रत्येक विद्यालय में होना चाहिए। कहा कि विद्यालय के बच्चों ने पूरे जनपद में अपना व विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि शतरंज खेलने से बच्चों का बौद्धिक विकास होता है। हम आगे भी अपने विद्यालय के बच्चों को खेल की अलग-अलग विधाओं में प्रशिक्षण देकर खेलने के लिए बाहर भेजने का प्रबंध करेंगे।