चंदौली। होली का पर्व होलिका दहन को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। जलने वाली होलिका की तैयारियों को जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थापित होलिका को लेकर विशेष तैयारी की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील होलिकाओं को भी चिह्नित किया गया है। वहां पर विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है।
जनपद में 1670 होलिकाओं की स्थापना हुई है। जिला प्रशासन की ओर से 64 संवेदनशील व 25 अतिसंवेदनशील होलिकाओं को चिह्नित किया गया है। इसे लेकर सुरक्षा के लिए पुलिस बल के साथ पीएसी बलों की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में शांति कायम रखने के लिए प्रयास करें। वहीं थानों पर बैठक करके संभ्रांत नागरिकों को निर्देश दिया कि डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगा। इसके लिए बिना परमिशन के अगर कोई डीजे बजाता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होली को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। सभी थानों पर बैठक आयोजित कर संभ्रांत नागरिकों को निर्देश दिया जा रहा है कि शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाएं। विनय कुमार सिंह, एएसपी।