चंदौली। कृषि विभाग की ओर से शनिवार को केवीके सभागार में प्राविधिक सहायकों को प्रशिक्षित करने के लिए कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें जनपद के विभिन्न ग्राम सभाओं में आयोजित होने वाले किसान पाठशाला के लिए जानकारी दी गई। साथ ही कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के आय बढ़ाने और जैविक खादों के प्रयोग के लिए प्राविधिक सहायकों को प्रोत्साहित करने के लिए निर्देश दिया। जनपद के सभी ग्राम सभाओं में कृषि विभाग की ओर से प्रथम चरण 12 से 15 दिसंबर और द्वितीय चरण 17 से 20 दिसंबर को किसान पाठशाला का आयोजन किया जाना है। जिसमें कृषि विभाग के अलावा पशुपालन, उद्यान, गन्ना, मत्स्य, रेशम विभाग के अधिकारी किसानों को जानकारी देगे। कार्यशाला के दौरान कृषि उपनिदेशक विजय सिंह ने बताया कि रबी की बुआई के लिए किसानों को अच्छे बीज, उर्वरक, के अलावा कीटनाशकों के प्रयोग की जानकारी पाठशाला के माध्यम से दी जाएगी। इसके अलावा उनके आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, मत्स्य और नगदी फसली की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए जागरुक किया जाएगा। कृषि वैज्ञानिक डा. समीर पांडेय ने बताया कि खेती के पूर्व मिट्टी की जांच, जैविक खादों के प्रयोग से किसान कम लागत में अधिक उपज कर सकते है। ऐसे में पाठशाला के दौरान किसानों को इसकी जानकारी देना आवश्यक है। कहा कि सरकार के द्वारा भी किसानों के आय बढ़ाने के लिए तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है। लेकिन उन्हे पाठशाला के माध्यम से इसकी जानकारी उपलब्ध करा दिया जाय तो उनके आय में बढ़ात्तरी हो सकती है। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती, मत्स्य अधिकारी विश्वनाथ सिंह, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक सदानंद पांडेय, केशव कुमार, राघवेंद्र आदि उपस्थित रहे।