कमालपुर। धानापुर विकास खंड के ग्राम पंचायत वेवदा के रनपुर मड़ई स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को दिया जा रहा मिड डे मील धन के अभाव में कभी भी बंद हो सकता है। इससे 180 छात्र-छात्राएं कभी भी भोजन से वंचित हो सकते हैं। ग्राम प्रधान दिलीप कुमार ने बताया कि गांव में कुल चार विद्यालय हैं। पिछले कुछ माह से शासन की ओर से केवल एक विद्यालय के बच्चों का ही राशन मिल रहा है। उसी से सभी स्कूलों में मिड डे मील बनवाया जा रहा था। गांव में दो कोटेदार हैं। एक दुकान से तीन व दूसरी दुकान से एक स्कूल का राशन मिलता है। पहले कोटेदार ने पिछले बकाए का भुगतान न किए जाने पर तीन स्कूलों के मिड डे मील का राशन नहीं दिया है। इससे कभी भी इन स्कूलों में योजना बंद हो सकती है। धानापुर गोदाम के मार्केटिंग अधिकारी अमित यादव ने बताया कि गोदाम से सभी को राशन समय से दे दिया गया है। वहीं खंड शिक्षाधिकारी कन्हैया कुमार ने कहा कि इस प्रकरण की जांच कराकर तत्काल राशन की उपलब्धता कराई जाएगी। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।