चंदौली। सकलडीहा विधायक प्रभु नारायन सिंह यादव ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम नवनीत सिंह चहल से किसानों की समस्याओं के संबंध में मुलाकात की। उन्होंने खरिफ की फसलों की सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ने और पुलिस द्वारा बलुआ पक्के पुल से रात में भारी वाहनों को पास कराने का मामला डीएम के सामने रखा। बताया कि चहनिया बाजार में सड़क छतिग्रस्त होने के चलते व्यापारियों का व्यवसाय चौपट हो रहा है। विधायक ने चेताया कि जल्द नहरों को पूरी क्षमता से नहीं चलाया गया तो डीएम आवास पर धरना देंगे। डीएम ने फोन पर संबंधित अधिकारियों को समस्या का निराकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए विधायक को आश्वस्त किया। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से वार्ता के दौरान विधायक प्रभु नारायन सिंह यादव ने बताया कि नहरों को पूरी क्षमता से नहीं चलाने से किसानों की धान की नर्सरी सूख रही है और रोपाई बाधित है। नरायनपुर और भुपौली कैनाल को मानक के अनुरुप नहीं संचालित किया जा रहा है। इसकी शिकायत करने के बाद भी विभागीय अधिकारी मौन है। बताया कि बलुआ पुलिस द्वारा रात के समय गंगा नदी पर बने पक्के पुल से भारी वाहनों को पास कराया जा रहा है। जिससे ग्रामीण सड़कों के खराब होने की संभावना प्रबल हो गई है। सपा नेता संतोष यादव ने अलीनगर सब स्टेशन से लो वोल्टेज की आपूर्ति और वहां रखे पांच एमबीए के ट्रांफार्मर को भी पावर हाउस से जोड़ने के लिए डीएम से मांग किया। जिसपर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता से वार्ता कर उनकी समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया।