मुगलसराय। माधोपुर में राजकीय मेडिकल कालेज बनना जनपद के विकास के लिए बहुत ही जरूरी है। मेडिकल कालेज बनने पर क्षेत्र के युवा पीढ़ी का स्वर्णिम भविष्य संरक्षित होगा। उक्त बातें सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने शुक्रवार को अपने आवास माधोपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा। उन्होंने कहा कि माधोपुर गांव में राजकीय मेडिकल कालेज के लिए पूर्ववर्ती सपा सरकार में भूमि चिन्हित कर लिया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राजकीय मेडिकल कालेज का शिलान्यास भी किया। इसके लिए पूर्व में प्रयास कर माधोपुर गांव में स्थित उद्यान एवं फल उद्योग की जमीन को राजकीय मेडिकल कालेज के नाम भूमि को अभिलेख में दर्ज किया गया। अब माधोपुर में राजकीय मेडिकल कालेज बनवाने के लिए आगामी 25 फरवरी को माधोपुर में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत के निर्णय के बाद मेडिकल कालेज को बनवाने का मुहिम चलाया जाएगा। माधोपुर में राजकीय मेडिकल कालेज बने इसके लिए हर संभव प्रयास होगा। ताकि क्षेत्र व जनपद को विकास,रोजगार व चिकित्सकीय लाभ दिया जा सके। इस दौरान अखिलेश सिंह, दयाराम यादव, भरत कुमार, खुशहाल, श्रीराम, सोहराब अली, जनार्दन राम, मनोज अग्रहरि आदि मौजूद रहे।