पीडीडीयू नगर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ बढ़ गई है। इसके मद्देनजर रेलवे की ओर से छठ पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है। इसी क्र्रम में शुक्रवार को रेलवे की ओर से 16 और स्पेशल ट्रेनों को चलाने की घोषणा की गई। दिल्ली, पुणे, जबलपुर, अजमेर सहित अन्य स्थानों के लिए ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को सहूलियत होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि जबलपुर-दानापुर स्पेशल जबलपुर से 21 नवंबर की शाम 19.45 बजे खुलकर अगले दिन 08.45 बजे दानापुर पहुंचेगी। इसी तरह दानापुर से यह ट्रेन 23 नवंबर को दिन में 11.45 बजे खुलकर अगले दिन 00.10 बजे जबलपुर पहुंचेगी। दानापुर -पूणे स्पेशल दानापुर से 18 नवंबर को दिन में 12.00 बजे खुलकर अगले दिन 23.00 बजे पूणे पहुंचेगी। पटना-आनंद विहार टर्मिनस स्पेशल 20, 22, 24, 26, 28 एवं 30 नवंबर को पटना से शाम 16.00 बजे खुलकर अगले दिन 06.00 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसी तरह आनंद विहार टर्मिनल-पटना स्पेशल 21, 23, 25, 27, 29 नवंबर और एक दिसंबर को आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 08.00 बजे खुलकर 21.55 बजे पटना पहुंचेगी। इसके अलावा अन्य ट्रेनें दूसरी रास्ते से गुजरेगी।