नियामताबाद। औद्योगिक नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के हमीदपुर गांव में गुरुवार को आवारा सांड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल एक और वृद्ध की शुक्रवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। सांड़ ने गांव के आधा दर्जन लोगों पर हमलाकर उन्हें घायल कर दिया था। इनमें एक अन्य ग्रामीण की गुरुवार को मौत हो चुकी है। वहीं हमले में घायल चार अन्य का इलाज चल रहा है जिसमें एक की हालत नाजुक बताई गई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी दहशत है। गांव में बीते बुधवार को एक आवारा सांड़ ने किसान लालचंद पटेल पर हमला कर दिया था। इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई। वहीं सांड़ ने गुरुवार को गांव के ही 70 वर्षीय वृद्ध सादिर पर भी हमला कर दिया। शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। सांड़ ने इसके बाद गांव के कालिका राम (25), जग्गू यादव (65), राकेश (18) व अविनाश (15) पर हमला कर उन्हें भी घायलकर दिया। इनमें कालिका राम की हालत नाजुक बताई गई है। वाराणसी के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष व पूर्व प्रधान चंद्रभानु यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतकों व घायलों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने के साथ सांड़ के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है।