पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे स्थानीय मंडल के विभिन्न विभागों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अप्रेंटिस युवाओं ने मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोप लगाया कि उन्हें तीन माह से भत्ता नहीं दिया गया है। वहीं सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं हैं। प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधि मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक को मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। डीआरएम ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस पर वे शांत हुए और वापस लौटे। सुबह दस बजे पचास से साठ की सख्या में वर्ष 2019-20 बैच के लिए अप्रेंटिस कर्मी डीआरएम आफिस परिसर में पहुंच गए। हालांकि अप्रेंटिस कर्मियों के आंदोलन के मद्देनजर आरपीएफ और एसआईबी के लोग पहले ही तैनात हो गए। डीआरएम आफिस के गेट पर पहुंच कर अप्रेंटिस कर्मियों ने धरना दिया। आरोप लगाया कि तीन माह से उन्हें भत्ता नहीं दिया गया है। रेलवे ने अप्रेंटिस युवाओं को आईकार्ड जारी की है और चोट लगने पर उचित इलाज की व्यवस्था भी नहीं है। उनके लिए नियमित क्लास भी नहीं चलाया जाता है और सुरक्षा कीट भी उपलब्ध नहीं कराई गइ है। छुट्टी के लिए भी कोई गाइडलाइन नहीं है। अप्रेंटिस युवाओं ने आरोप लगाया कि अधिकारी निजी काम भी कराते हैं। अब तीन माह से भत्ता नहीं दिया गया है। प्रदर्शन के बाद सहायक सुरक्षा आयुक्त एसके सिंह के साथ अप्रेंटिस युवाओं का प्रतिनिधि मंडल डीआरएम कक्ष में पहुंचा और मांगों से संबंधित ज्ञापन डीआरएम पंकज सक्सेना को दिया। डीआरएम ने एक सप्ताह के भीतर भत्ता भुगतान का आश्वासन दिया। इस मौके पर दिलीप कुमार, विनय कुमार, अंकित यादव, सौरभ सिंह, सुशील, प्रवीण, अजीत, शिव कुमार, राजू, अनुराग, गौतम, सोनू, प्रदीप रहे।