पीडीडीयू नगर। पाक माह ए रमजान में तीस रोजे के बाद इनाम का दिन ईद उल फितर बुधवार को मनाई जाएगी। ईद की तैयारियां पूरी हो चुकी है। ईद की नमाज के लिए ईदगाह और मस्जिदों व उसके पास के इलाके की साफ सफाई की गई और नगर में जगह-जगह चूने का छिड़काव किया गया। वहीं नगर के शाहकुटी ईदगाह के पास दुकानें, झुले आदि सज गए हैं। ईद की पूर्व संध्या पर बाजार में भी खरीददारों की भीड़ रही। एक माह के रमजान के बाद तीसवें दिन ईद मनाई जाती है। एक माह के कठिन परीक्षा का यह इनाम माना जाता है। मंगलवार की शाम चांद का दीदार हुुुआ हुआ। इसके साथ ही ईद की घोषणा कर दी गई। इसके साथ ही लोगों के एक दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की नमाज की तैयारियां पूरी हो गई। नगर के शाहकुटी स्थित ईदगाह में साफ सफाई के बाद आस पास के इलाके में चूने का छिड़काव किया गया। ईदगाह के समीप ही नाला के किनारे मेला के लिए दुकानें सज गई। चाट, पकौड़ी, गुब्बारे खिलौनों के साथ विभिन्न प्रकार के झूले यहां सजाए गए हैं। इसी तरह नगर के जामा मस्जिद जीटी रोड, कसाब महाल मरकजी मस्जिद, मीनारा मस्जिद, अलीनगर जामा मस्जिद, ईस्लामपुर मदरसा के साथ दुलहीपुर, पड़ाव सहित अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में चहल पहल बढ़ गई। बाजार में देर रात तक नए कपड़े, जूते, चप्पल, क्राकरी, मिठाइयां, सेवइयों, पापड़, चिप्स आदि की खरीददारी होती रही। वहीं दर्जी के यहां भी सिलने के लिए दिए गए कपड़े वापस लेने वालों की भीड रही।
ईद की नमाज का वक्त मुकर्रर
शाहकुटी ईदगाह- सुबह 07 बजे
कसाब महाल मरकजी मस्जिद- सुबह 07.30 बजे
पीडीडीयू नगर जीटी रोड जामा मस्जिद- सुबह 08 बजे
अलीनगर जामा मस्जिद- सुबह 08.30 बजे