चंदौली। यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती 2013 के अभ्यर्थियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने से नाराज पुलिस के अभ्यर्थियों ने इच्छा मृत्यु के लिए प्रभारी डीएम बच्चा लाल को ज्ञापन सौंपा। चेताया कि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वह आत्मदाह को विवश होंगे। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कहा हमें नियुक्ति दी जाए या फिर इच्छा मृत्यु। कहा कि 2013 की पुलिस भर्ती में 11788 अभ्यर्थियों ने सफलता पाई थी। लेकिन शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा रहा है। इससे उनका भविष्य तो अंधकार में है ही सामाजिक व आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ रही है। मांग किया कि एक सप्ताह के अंदर हमारा परिणाम घोषित किया जाए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो सभी अभ्यर्थी विधानसभा भवन के सामने आत्मदाह करने को विवश होंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। इस दौरान राजन तिवारी, अमित, कृष्णकांत, राकेश, शैलेश, सुनील गुप्ता, उपेंद्र यादव, जगदीश उपस्थित रहे।