पीडीडीयू नगर। उधना से गया जा रही हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन में अपनी बेटी के साथ यात्रा कर रही महिला ने ट्वीटर के जरिए छेड़खानी, ट्रेन में गंदगी और सुरक्षा कर्मियों के गैरहाजिर होने की शिकायत की है। ट्रेन के पीडीडीयू जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ के जवानों ने महिला यात्री से संपर्क किया। हालांकि महिला ने गया स्टेशन पहुंच कर शिकायत दर्ज कराने की बात कही। आरपीएफ के कंट्रोल पर रविवार को सूचना मिली कि गया-हमसफर ट्रेन में यात्रा कर रही महिला के साथ छेड़खानी की गई है। इसके बाद सुरक्षा बल के अधिकारी सतर्क हो गए। ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 10:10 बजे के बजाए दोपहर 12:51 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंची। ट्रेन के रुकते ही आरपीएफ की टीम कोच संख्या बी-10 में पहुंची और सीट संख्या 39 पर बैठी महिला से पूछताछ की। महिला ने आरोप लगाया कि वह अपनी सात वर्ष की बेटी के साथा यात्रा के लिए ट्रेन में जब से बैठी है, तब से न तो टीटीई आया और न सुरक्षा बल के जवान। ऐसे में कोच में अवांछनीय तत्व भी घुस आए हैं और उसके साथ छेड़खानी का प्रयास कर रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत ट्वीटर के जरिए की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ट्रेन में साफ-सफाई की भी व्यवस्था नहीं है। महिला की बातें सुनने के बाद आरपीएफ के एसआई रामविलास ने लिखित शिकायत देने की बात कही। इस पर उसने कहा कि गया में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराऊंगी।