कमालपुर। सैयदराजा विधान सभा क्षेत्र के पीपरी डिलिया गांव में शुक्रवार को राज्य मंत्री अनिल राजभर ने ग्राम सभा जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और उनकी समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिया। राज्यमंत्री पीपरी डिलिया गांव के राजभर बस्ती में लोगों की समसयाओं को सुना। उन्होंने कहा कि राजभर समाज के लोगों को सरकार के द्वारा मिलने वाली सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा की सरकार में राजभर समाज के लोगों का सम्मान बढ़ा है। हमारे समाज के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास राशनकार्ड सहित बुनियादी सुविधाएं हर हाल में मिलेगी। इस दौरान गिरधारी राजभर, विजेंदर, अदालती, अजित राजभर, मिश्री राजभर, सूरज सिंह, गब्बर राजभर उपस्थित रहे।