नौगढ़। तहसील क्षेत्र के बाघी गांव में सोमवार को किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से जोड़ने और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरुण संस्था के तत्वावधान में तथा कृषि विज्ञान संस्थान बीएचयू वाराणसी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 140 किसानों को निःशुल्क शंकर मक्का बीज वितरित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को केवल बीज वितरण तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की भी जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिक प्रोफेसर प्रतीक सिंह ने नई तकनीकों और उन्नत बीजों के उपयोग पर भी बल दिया। वरुण संस्था के सचिव डॉ. एसपी सिंह ने भी संबोधित किया। विनोद, पप्पू, गणेश, महादेव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।