संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। नगर के जनता की समस्याओं के निवारण के लिए शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय स्थित सभागार में चेयरमैन संतोष खरवार की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान 14 लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थन पत्र प्रस्तुत किये। जिसमें दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को कार्रवाई के अधिकारियों को सौंपा गया। नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, स्वकर निर्धारण, नामांतरण, राशन कार्ड, समेत प्रधानमंत्री आवास से जुड़ी समस्याओं के लिए जनता को लगातार अधिकारियों की चक्कर काटने पड़ते है। बावजूद इसके अधिकारियों की लापरवाही के चलते कई बार मामलों का निस्तारण नहीं हो पाता है। ऐसे में जनता की परेशानियों को दूर करने के लिए जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ईओ से लेकर टैक्स, सफाई, पूर्ति व डूडा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान 14 लोगों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। अधिकारियों की मौजूदगी में दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में जैसे पीएम आवास, स्वकर और सफाई व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी देते हुए अगली बैठक तक मामले के निस्तारण के लिए निर्देशित किया। इस संबंध में चेयरमैन संतोष खरवार ने बताया कि प्रत्येक माह की 15 तारीख को नगर पालिका कार्यालय में जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा। मामले के निस्तारण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सभासद राजेश जायसवाल, मो. ईशा खां, अधिशासी अधिकारी कृष्णचंद्र, परियोजना निदेशक डूडा संजय मौर्य, पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, कर निर्धारण अधिकारी अतुल कुुमार, भरत बरनवाल, अरुण मिश्रा, अमित कुमार मौजूद रहे।