पीडीडीयू नगर। कैलाशपुरी स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में शनिवार को दो दिवसीय राज्य स्तरीय ओपन कराटे चैंपियनशिपन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के चेयरमैन संतोष खरवार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जनपद के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों से कहा कि खेल को स्वस्थ प्रतिद्वंद्विता की भावना से खेलना चाहिए। खेलकूद से बच्चों का तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने नगर में मिनी स्टेडियम बनवाने का आश्वासन भी दिया। स्कूल प्रबंध कमेटी के सदस्य आकाश कुमार और प्रधानाचार्य बिंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में चंदौली के अलावा मऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, महाराजगंज, वाराणसी, घोसी, देवरिया, बलिया, प्रतापगढ़, बस्ती, आजमगढ़ और कानपुर के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि राजकुमार जायसवाल रहे। इस मौके पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने समा बांध दिया। अंत में विद्यालय के शिक्षकों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।