पीडीडीयू नगर। पेट्रोल व डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान जनता के लिए राहत की खबर है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने दोनों पेट्रो उत्पादों पर लगभग पांच रुपये प्रति लीटर कटौती कर दामों में कमी की है। इस कटौती के बाद पेट्रोल व डीजल के लगातार बढ़ रहे मूल्य पर अंकुश लगा है। दाम घटने के बाद कुछ लोगों ने इसे सरकार का अच्छा कदम बताया है। वहीं कुछ लोगों ने इसे राजनीति से प्रेरित करार दिया है। वहीं अभी बसों और आटो में बढ़ा हुआ किराया ही वसूल किया जा रहा है। शुक्रवार को साधारण पेट्रोल का मूल्य 78. 93 रु. लीटर रहा जबकि गुरुवार को यह 83. 28 रु. की दर से बिका था। वहीं पावर पेट्रोल की कीमत गुरुवार को 86.12 की बजाए 81. 71 रु. प्रति लीटर रही। इसके अलावा डीजल भी 75. 57 की जगह 70. 98 रु. प्रति लीटर पर आ गया। इस प्रकार साधारण पेट्राल के दाम में चार रुपये 35 पैसे, पावर पेट्रोल के दाम में चार रुपये 41 पैसे व डीजल के मूल्य में चार रुपये 59 पैसे का अंतर रहा। लगातार बढ़ रहे डीजल के मूल्य से मालभाड़े में हुई वृद्धि से आवश्यक जिंसों के मूल्य तेजी पकड़ने लगे थे। वहीं सवारी ढ़ोने वाले वाहनों के स्वामी व चालक मनमाना किराया वसूल रहे थे जिसका सीधा असर सवारियों की जेब पर पड़ रहा था। किसानों के लिए डीजल का महंगा होना सिंचाई में बाधक बन रहा था। डीजल और पेट्रोल संघ के नगर अध्यक्ष राजीव गुप्ता का कहना है कि मूल्य में कमी आने से जनता को राहत मिलेगी। पहले से महंगे दाम पर खरीदे गए तेल को अब सस्ते दाम पर बेचने से नुकसान होगा।