सकलडीहा। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व के बकाएदारों के खिलाफ वसूली अभियान चलाया गया। अभियान में संयुक्त जिला मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में चार एसडीएम, चार तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित सैकड़ों संग्रह विभाग के अमीन व धावक मौजूद रहे। इस दौरान 15 लाख रुपए वसूलने के अलावा चार ट्रैक्टर, एक बोलरो सहित तीन लाख ईंट को कुर्क किया गया। वसूली अभियान को लेकर बकाएदारों में हड़कंप मचा रहा। पूर्व निर्धारित वसूली अभियान के तहत संयुक्त मजिस्ट्रेट आनंद वर्धन के नेतृत्व में एसडीएम राम सजीवन मौर्य, एसडीएम सदर आशीष कुमार, एसडीएम चकिया दिप्ती देव और हीरालाल के अलावा तहसीलदार शैलेंद्रकुमार, नुपूर सिंह, लालता प्रसाद व नायब तहसीलदार अमित त्रिपाठी तहसील सर्किल के अलग - अलग परगना में संग्रह अमीनों के साथ वसूली अभियान चलाया। इस दौरान एक दर्जन बकाएदारों से विभिन्न बकाए कर का 15 लाख, छह हजार 13 रुपया वसूला गया। वहीं अन्य बकाएदारों के चार ट्रैक्टर, एक बोलरो और तीन लाख ईंट को कुर्क किया गया। इसके अलावा दो बकाएदार द्वारा राजस्व जमा न करने पर उन्हें राजस्व हवालात में बंद कर दिया गया। इस मौके पर संग्रह विभाग से अजीत सिंह, अखिलेश मिश्रा, सुभाष पांडेय, तेरसू राम, विरेंद्र श्रीवास्तव, वसीम खां, राम प्रसाद सिंह मौजूद रहे।