चंदौली। मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना में जनपद के 11 गांवों का चयन किया गया है। विगत माह 96 गांवों की सूची चयन हेतु आयुक्त ग्राम्य विकास को भेजी गई थी। शासन स्तर से गांवों का चयन कर सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई है। चुने गए गांवों में 17 कार्यदायी विभाग 24 विकासपरक योजनाओं का संचालन करेंगे। गांवों को मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ अवस्थापना और लाभार्थी परक योजनाओं से संतृप्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना में जिन गांवों का चयन किया गया है उनमें शहाबगंज विकास खंड का छित्तमपुर, बरहनी के अरंगी और रामपुर, नियामताबाद ब्लाक के चार गांव कटेसर, भरछां, गौरी और पचोखर, सकलडीहा का आलमपुर, सदर के सलेमपुर और सिकरी तथा चहनियां ब्लाक का नदेसर गांव शामिल है। शासन ने जिला प्रशासन को गांवों की सूची सौंपने के साथ ही निर्देश जारी किया है कि सर्वांगीण विकास के लिए कार्य योजना तैयार कराकर प्राथमिकता के आधार पर संतृप्त करें। पीडी ऋषिमुनि उपाध्याय के अनुुसार चयनित गांवों में 17 कार्यदायी विभागों की ओर से 24 कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। प्रमुख रूप से संपर्क मार्ग निर्माण, पक्की नालियों और गलियों का निर्माण, आवास, हैंडपंप, सोलर स्ट्रीट लाइट, पेंशन, पौधरोपण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, डेयरी प्रसंस्करण, किसान क्रेडिट कार्ड आदि कार्य शामिल हैं। इस बाबत सीडीओ डा.एके श्रीवास्तव ने बताया कि गांवों में शत प्रतिशत पात्र लोगों को कल्याणकारी लाभार्थी परक योजनाएं मसलन पेंशन, स्वास्थ्य, राशन कार्ड, आवास, शौचालय आदि का लाभ प्रदान किया जाएगा। कार्ययोजना तैयार करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है।