पीडीडीयू नगर। नियमों को दरकिनार कर सड़कों पर चल रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ जिले में तहसीलवार अभियान चलाकर बृहस्पतिवार को कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम ने फिटनेट प्रमाण समाप्त हो चुके कुल 90 स्कूली वाहनों चालान किया। वहीं 13 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया। एआरटीओ प्रशासन डाॅ. सर्वेश गौतम और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह की टीम ने सदर तहसील में कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 35 अनफिट वाहनों में से 20 का चालान किया। टीम ने बृजनंदनी स्कूल की आठ बसों और सेंट जाॅन्स स्कूल के सामने खड़े सात वाहनों को सीज कर दिया। वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील क्षेत्र में 55 अनफिट वाहनों में से 14 का चालान किया गया। यह कार्रवाई एसडीएम आलोक कुमार और एआरटीओ डा. सर्वेश गौतम की टीम ने कार्रवाई की। वहीं चकिया तहसील क्षेत्र में एसडीएम दिव्या ओझा और एआरटीओ विभाग के आरआई अशोक कुमार यादव की संयुक्त टीम ने की। इस दौरान क्षेत्र के 16 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। सकलडीहा तहसील क्षेत्र में एसडीएम अनुपम मिश्रा, नायब तहसीलदार दिनेश शुक्ला और आरआई अशोक यादव की संयुक्त टीम ने अनफिट वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 वाहनों का चालान किया।