सैयदराजा। क्षेत्र के बगही गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग दो के किनारे अवैध बालू का भंडारण कर खरीद फरोख्त करने की सूचना पर रविवार की सुबह उपजिलाधिकारी अभिषेक गोयल व क्षेत्राधिकारी त्रिपुरारी पांडेय ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने दो स्थानों पर अवैध रूप से भंडारण किए बालू के अड्डों से बालू जब्त किया। साथ ही लगभग तीन दर्जन बालू लदे वाहनों को कब्जे में किया। वहीं छापेमारी की खबर मिलते ही लोकेशन माफियाओं के इशारे पर ट्रक चालकों ने उन अड्डों तक आने वाले वाहनों को बिहार सीमा में ही रोक दिया। इससे वाहनों की काफी लंबी कतार लगी रही। इस कार्रवाई के बाद उन्होंने परिवहन विभाग को इकी सूचना दी। सूचना पर पहुंचे आरटीओ विजय प्रकाश सिंह व खनन अधिकारियों ने वाहनों को अपने कब्जे में लेकर वाणिज्य कर विभाग के परिसर में खड़ा कराया और आगे की कार्रवाई में जुट गए। अधिकारियों का काफिला देखकर कई ओवरलोड गाड़ियों के ड्राइवर व अवैध भंडारण कर बालू बेचने वाले अड्डों के मालिक मौके से फरार हो गए। उप जिलाधिकारी ने सैयदराजा थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि बिना लाइसेंस लिए बालू के अड्डों को चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। सीओ ने बताया कि जांच में करीब तीन दर्जन बालू लदे ओवरलोड वाहनों को पकड़ा गया है। इस दौरान जिला खनन अधिकारी अरविंद कुमार, प्रभारी निरीक्षक एसपी सिंह सहित काफी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे।