चंदौली। वाराणसी में संपन्न हुए अतंर जोन कुश्ती, भारोत्तोलन, कबड्डी एवं बाक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर लौटीं पुलिस विभाग की महिला खिलाड़ियों का पुलिस लाइन में स्वागत हुआ। इस दौरान एसपी संतोष कुमार सिंह ने प्रतियोगिता में मेडल व स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई और आगे भी ऐसे प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस विभाग की ओर से वाराणसी में अंतर जोन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें चंदौली जिले की पुलिस टीम ने भी हिस्सेदारी की और महिला खिलाड़ियों ने अपने बेहतर प्रदर्शन के बूते जनपद का गौरव बढ़ाया। उक्त प्रतियोगिता में सुशीला सिंह ने भारोत्तोलन 80 किलो भार वर्ग में प्रथम, शर्मिला कौशल ने कुश्ती के 59 किलो भार वर्ग में द्वितीय, कुंती रजक ने कुश्ती के 50 किलो भार वर्ग में द्वितीय, पुष्पा यादव ने कुश्ती 53 किलो में तृतीय एवं इंद्रा देवी ने कुश्ती के 65 किलो भार वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों के जनपद आगमन पर पुलिस लाइन में साथियों ने जोरदार स्वागत किया। खिलाड़ियों की इस खुशी में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह भी शरीक हुए और खिलाड़ियों की हौसला आफजाई की। कहा कि खिलाड़ियों ने पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया।