बरहनी विकास क्षेत्र के जेवरियाबाद गांव के समीप गुरुवार की सुबह कुत्तों के हमले से एक हिरन गंभीर रूप से घायल हो गया। हिरन के कराहने की आवाज सुनकर लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घायल हिरन को सैयदराजा पशु अस्पताल में भर्ती कराया। इस समय कर्मनाशा नदी के तटवर्ती इलाकों में बारिश होने के बाद खेतों की मिट्टी काफी गीली हो गई है। इसी का फायदा उठाकर कुत्ते हिरनों पर हमला कर दे रहे हैं। आए दिन हिरनों पर कुत्तों का झुंड हमला बोल दे रहा है। भुआलपुर (जेवरियाबाद) गांव के प्रधान भोलानाथ सिंह , अरंगी के अजीत सिंह , मुड्डा के रविशंकर सिंह , चिरईगांव के उदय नारायण सिंह आदि ने जिला प्रशासन से हिरनों के संरक्षण की मांग की है।