इलिया। नक्सल प्रभावित इलिया कस्बे में सड़क चौड़ी करने के दौरान निकला मलबा नालियों पर ही छोड़ दिया गया। इसके चलते नालियां जाम हो गई हैं और सीवर ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। इसके चलते कस्बे की गलियां बजबजा रही हैं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत होने के साथ घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। करीब एक माह पहले सड़क चौड़ी करने का काम शुरू हुआ था। इस दौरान पुरानी सड़क पर तोड़-फोड़ की गई थी। कार्यदायी संस्था ने सड़क का मलबा हटाने की बजाय वहीं छोड़ दिया, जिससे सारी नालियां जाम हो गई हैं। जलनिकासी न हो पाने के कारण गलियों और सड़कों पर सीवर उफना रहा है। ऐसे में लोगों को कीचड़ और गंदे पानी से चलकर आना-जाना पड़ता है। वहीं, दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। आएदिन राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थिति को लेकर कस्बावासियों में काफी आक्रोश है। इसी तरह श्रीराम जानकी गली के पास बड़ा गड्ढा आवागमन में बाधक साबित हो रहा है। कई बाइक व साइकिल सवार और पैदल राहगीर गड्ढे में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी समस्या के निस्तारण के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे। कस्बे के लोगों का कहना है कि यदि जल्द नालियों की सफाई और गड्ढे को बंद न किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्राम प्रधान इंदु देवी ने बताया कि कस्बे में जिला पंचायत द्वारा नाली निर्माण का काम शुरू हो चुका है। वहीं, सीडीओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि एडीओ पंचायत व खंड विकास अधिकारी को नालियों की सफाई के लिए कहा गया है।